पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन blood donation
देवरिया /blood donation। देवरिया जिले की पुलिस ने पुलिस लाइन देवरिया परिसर में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना एवं समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में सावित्री हॉस्पिटल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने शिविर में मौजूद रिक्रूट महिला आरक्षियों को महिला स्वास्थ्य, मातृत्व देखभाल, पोषण एवं नियमित चिकित्सकीय जांच से संबंधित महत्वपूर्ण परामर्श दिया। डॉ. मीनाक्षी सिंह ने बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
रक्तदान शिविर में देवरिया जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सुमन भी उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने ऐसे सामाजिक एवं मानवीय आयोजनों के लिए सावित्री हॉस्पिटल की सराहना की।
शिविर में पुलिस कर्मियों एवं अन्य स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की टीम द्वारा रक्तदाताओं की प्राथमिक जांच, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया।
अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, पुलिस प्रशासन एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
देश और दुनियां कि अन्य खबरों को देखने के लिए यहां क्लिक करें
